सूरसागर में आईजीएनपी का पानी आएगा
बीकानेर, ऐतिहासिक सूरसागर में इंदिरा गांधी नहर परियोजना का पानी पाइप लाइन के माध्यम से जून के प्रथम सप्ताह में डाला जाएगा। इस कार्य पर 63 लाख रुपए व्यय किए जा रहे है। इस क्रम में अब तक की प्रगति की समीक्षा नगर विकास न्यास अध्यक्ष व जिला कलक्टर श्रेया गुहा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई नगर विकास न्यास की बैठक में की गई। यह निर्णय लिया गया कि सूरसागर में वर्तमान में सफाई का कार्य एक माह में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए 2 मई से श्रमिक लगाकर सूरसागर की पूर्ण सफाई करवाई जाएगी। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि आने वाले महीनों में संभावित वर्षा के दौरान सूरसागर के आस पास के इलाके का गंदा पानी बहकर इसमें नहीं आए इसके लिए नगर निगम पुख्ता व्यवस्था करें। तेज वर्षा होने पर सूरसागर के आस पास बने मैन हॉल खोल दिए जाएं। साथ ही मैन हॉल के चारों तरफ ड्रम लगा दिए जाएं। जिससे किसी तरह की दुर्घटना नहीं हो। बैठक में नगर विकास न्यास, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।