बीएसएनएल सीएमडी का पुतला फूंका
कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे ने महाप्रबंधक कार्यालय से रैली निकाली
बीकानेर। भारत संचार निगम लिमिटेड संयुक्त मोर्चे के तत्वावधान में कर्मचारियों ने सीएमडी के पूतले की अर्थी के साथ रैली निकाली और जिला कलक्ट्री के समक्ष विधि विधान से पूतले का दाह संस्कार किया।वेतन संशोधन लागू करने सहित अन्य मांगों को पूरा नहीं किये जाने से आक्रोशित कर्मचारियों ने महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार के समक्ष धरना लगाकर सीएमडी की कर्मचारी विरोधी नीतियों की भर्त्सना करते हुए बीएसएनएल के उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के विरोध में नारे लगाये। कर्मचारियों के संयुक्त मोर्चे ने महाप्रबंधक कार्यालय से एक रैली निकाली। जिसमें सीएमडी के पुतले की अर्थी भी कर्मचारी अपने कंधों पर लेकर चल रहे थे। सभी कर्मचारियों ने जिला कलक्ट्री के समक्ष पहुंचकर सीएमडी का पुतला फूंका। बीएसएनएल एम्पलाइज यूनियन के जिलाध्यक्ष कमलसिंह गोहिल ने बताया कि संचार मंत्री को वार्ता के लिए बुलाया है। वार्ता के बाद ही आगे के लिए रणनीति तय की जायेगी। यूनियन के जिला महामंत्री हेमनाथ सिद्ध ने बताया कि अगर वार्ता में कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना गया तो संभवतः राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन को गति दी जायेगी।