हेमेन्द्र सिंह ने जीता कांस्य पदक
जूनियर विश्व निशानेबाजी प्रतियोगिता

बीकानेर, सूल, जर्मनी में खेली जा रही जूनियर विश्व कप निशानेबाजी प्रतियोगिता में बीकानेर के हेमेन्द्र सिंह ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीता। यह पदक उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी प्रतियोगिता के भारतीय टीम के लिए प्राप्त। उन्होंने क्लासिफिकेशन राउण्ड में व्यक्तिगत 569 अंक अर्जित करते हुए 12वां स्थान प्राप्त किया लेकिन टीम स्पर्घा में गौरव राणा 574, अर्जुनदास 564 के साथ मिलकर 1703 अंक अर्जित कर भारतीय टीम की झोली में कांस्य पदक डाला। हेमेन्द्र सिंह के व्यक्तिगत प्रशिक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि भारतीय जूनियर टीम 2 अंकों से रजत पदक और 3 अंक से स्वर्ण पदक जीतने से वंचित रह गयी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक इटली एवं रजत पदक रूस के निशानेबाजों ने जीता।
हेमेन्द्र सिंह के पदक जीतने से बीकानेर के निशानेबाज खिलाडि़यों एवं खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर दौड़ पड़ी इस अवसर पर संवित् शूटिंग संस्थान, शिवबाड़ी के अध्यक्ष स्वामी संवित् सोमगिरि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। संस्थान के निशानेबाज खिलाडि़यों ने मिठाई लिखाकर एक दूसरे का मुंह मीठा किया। इस अवसर पर बीकानेर जिला राईफल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डां सत्यप्रकाश आचार्य एवं सचिव अखिलेश प्रताप सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए हेमेन्द्र सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना की है। अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि मई माह में चैक रिपब्लिक में आयोजित एक अन्य निशानेबाजी प्रतियोगिता में हेमेन्द्र सिंह का भारतीय जूनियर टीम में चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता 26 से 29 मई के बीच प्रेग में आयोजिता होगी।