मीडिया की भूमिका पर राष्ट्रीय विमर्श, बीकानेर के पत्रकारों ने निभाई सक्रिय भागीदारी
मीडिया की भूमिका पर राष्ट्रीय विमर्श, बीकानेर के पत्रकारों ने निभाई सक्रिय भागीदारी
आबू रोड, 30 सितंबर। ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शांतिवन परिसर में आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन मंगलवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन का मूल विषय था “समाज में शांति, एकता और विश्वास को बढ़ावा देने में मीडिया की भूमिका”, जिस पर देश-विदेश से आए पत्रकारों ने सार्थक विमर्श किया।
बीकानेर से पत्रकार संजीव पारासर, बलजीत गिल, विनय थानवी और प्रदीप मोदी ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, संवाद की संवेदनशीलता और पत्रकारिता की नैतिकता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार साझा किए गए।
पत्रकार विनय थानवी ने कहा कि इस सम्मेलन में मीडिया के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और विश्वास को सुदृढ़ करने के लिए अनेक प्रेरक सत्र आयोजित किए गए। उन्होंने कहा, “ब्रह्माकुमारीज ने इस आयोजन को अत्यंत सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक ढंग से संपन्न किया। हर सत्र में संवाद, शांति और सहयोग की भावना दृष्टिगोचर हुई।”
वरिष्ठ पत्रकार संजीव पारासर ने शांतिवन परिसर की शांतिमय वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि “यह स्थल आत्मिक शांति और चिंतन के लिए उपयुक्त है। यहां का समय प्रबंधन और आतिथ्य अनुकरणीय रहा।”
बलजीत गिल ने सम्मेलन को एक प्रेरणादायक मंच बताते हुए कहा कि यह पहल मीडिया जगत को समाज में एकता और नैतिकता के प्रसार की दिशा में नए विचार देती है। वहीं प्रदीप मोदी ने कहा कि इस आयोजन से बीकानेर के पत्रकारों को नई दृष्टि मिली है, जिसे वे अपने कार्यक्षेत्र में सार्थक रूप से लागू करने के लिए तत्पर हैं।
पत्रकार दल के साथ ब्रह्माकुमारीज बीकानेर सेंटर से समन्वयक दिनेश आचार्य साथ रहे.
सम्मेलन के समापन सत्र में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान डिजिटल युग में मीडिया को न केवल तथ्यों की सत्यता पर ध्यान देना चाहिए, बल्कि समाज में आशा, सहिष्णुता और सद्भावना के संदेश को भी सशक्त रूप से प्रसारित करना चाहिए।