बीकानेर में भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता आयोजित

बीकानेर, 29 सितम्बर। भारत विकास परिषद मीरा शाखा द्वारा संस्कार परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन 29 सितंबर को पार्क पैराडाइज, बीकानेर में हुआ। प्रतियोगिता में पाँच स्कूलों की टीमों ने भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ। इस अवसर पर रीजनल मंत्री शशि चुग, डॉ. दीप्ति वाहल, शाखा संरक्षिका ऋतु मित्तल, महिला संयोजिका छवि गुप्ता और मुख्य अतिथि राजेंद्र जोशी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में सुरेंद्र दहिया और प्रभा किराडू शामिल थे। अतिथियों का स्वागत शॉल और स्मृति चिह्न देकर किया गया।

प्रतियोगिता की शुरुआत छवि गुप्ता और चंद्रप्रभा द्वारा प्रस्तुत वंदे मातरम से हुई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन को “चेतना के स्वर” संकलन में से चुने गए हिंदी और संस्कृत गीतों के आधार पर परखा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों और निर्णायकों दोनों को प्रभावित किया। बीच में संगीत विशेषज्ञ सुरेंद्र दहिया और प्रभा किराडू ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।


प्रतियोगिता में प्रथम स्थान एच.पी. मोदी स्कूल, द्वितीय स्थान एसडीपी मेमोरियल स्कूल और तृतीय स्थान रुक्मणि देवी स्कूल ने प्राप्त किया। विजेता टीम आगामी प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में लाडनूं में बीकानेर का प्रतिनिधित्व करेगी। सभी विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र दिए गए, जबकि शेष प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन शाखा अध्यक्ष अर्चना गोयल ने किया। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी हेमा सिंह दाधीच, रतन गुप्ता, उमा ओझा और शोभा अग्रवाल ने संभाली। अंत में संरक्षिका ऋतु मित्तल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।